शनिवार, 18 सितंबर 2010

IS BLOG KE BARE MEIN

जब यह ब्लॉग लिखने बैठा तो सबसे पहला सवाल यह उठा कि इस ब्लॉग का शीर्षक क्या रखा जाये . यह किसका ब्लॉग है , इस ब्लॉग का लेखक  कौन है . उसकी पहचान क्या है,देश ,धर्म,जाति,भाषा  . मैं कौन हूँ ,मैं हिन्दू हूँ,भारतीय हूँ और राजस्थानी भी . मेरी भाषा हिंदी है पर मात्र भाषा राजस्थानी  पर क्या हिन्दू कोई धर्म है ? हमारे देश के उच्चतम न्यायालय का निर्णय है कि हिन्दू कोई धर्म नहीं ,यह तो एक जीवन पध्धति है . एकः सत्यम विप्रं बहुधा वदन्ति ,एक ही सत्य को विद्वान् लोग अनेक प्रकार से कहते हैं ,सनातन धर्म में तो सत्य कि और ले जाने वाले हर विचार कि उपासना की गयी है ,तभी तो बुध ,,जैन,सिख,शैव,शाक्त,वैश्नव,दादूपंथी,कबीरपंथी,नाथपंथी अदि कितने ही संप्रदाय/पंथ को समेटे यह धर्म और नए विचारों को अपने में समाहित करता स्वयं अपना ही परिशोधन/परिमार्जन करता रहा है. मेरा देश भारत है पर भारत को क्या किसी भोगोलिक सीमा में बांधा जा सकता है . वसुधैव कुटुम्बकम का विचार रखने वाला यह देश तो समग्र विश्व को ही अपना गाँव मानता है , जिसकी सांस्कृतिक सीमायें पाकिस्तान,अफघानिस्तान,लंका,हिंदेशिया,सिंगापूर,जावा,सुमात्रा,बलि,मलयेशिया का अतिक्रमण कर अरब और मय का स्पर्श कर चकी हैं .
भाषा का प्रश्न भी इस देश की विविधताओं का ही चित्र  प्रस्तुत करता है , भारत की भाषा क्या हिंदी है , क्या वह राष्ट्र भाषा है या राजभाषा है और  हिंदी तो संस्कृत निष्ट हिंदी, हिन्दुस्तानी, खड़ी बोली, अवधी,बृज,भोजपुरी,राजस्थानी कई स्वरुप लिए है . मेरी मात्र भाषा राजस्थानी का ही जिक्र करें तो उसमें भी मारवाड़ी, मेवाड़ी,धुन्धारी कितनी ही विविधताएँ है . आजादी के आन्दोलन के तरानों की  भाषा हिंदी अभी भी राष्ट्रभाषा बनने से वंचित है तो देश के लिए सर्वस्व होमने वाले रण बाँकुरे राजपूत वीरों की और देश विदेश के कोनेकोने में फैले मारवाड़ी उद्यमियों की ,आठ करोड़ लोगों की मात्र भाषा राजस्थानी को अभी भी संविधान की आठवीं आठवीं अनुसूची में शामिल किये जाने का इंतजार है .
मैं जमींदार चारण परिवार में पैदा हुआ , हमारे पुरखे  तलवार के भी धनी थे और कलम के भी .हमारे बुजुर्ग कहते थे कि हमारी जाति देवजाति है परन्तु मेरा मन तो प्रसाद की इस बात का ही समर्थन करता है
" देव न थे हम और न वे है सब हैं परिवर्तन के पुतले , हाँ कि गर्व रथ में तुरंग सा जितना जो चाहे जुतले "
पर महात्मा गाँधी के अनुसार हम भले ही देव कोटि  के न हों पर मनुष्य कोटि के तो हैं ही "
मैं  भारत के ही समान इस ब्लॉग की पहचान किसी व्यक्ति,देश,धर्म,जाति,क्षेत्र,भाषा  से न करके  मानवता से ही करना चाहूँगा .इस अर्थ में यह मात्र इंसानियत का  ब्लॉग है पर मेरे भारत की परिभाषा भी मैं इन सब संकीर्ण मापदंडों से परे वसुधैव कुटुम्बकम के उद्घोषक प्रथम मानव की पहचान के रूप में करता हूँ अतः इसी अनुरूप इस ब्लॉग का शीर्षक  है एक भारतीय का ब्लॉग. इस ब्लॉग में मैं इसी वसुधैव कुटुम्बकम की ,भारत की, भारतवासियों की, हमारी जीवन पध्धति की, हमारी संस्कृति की ,हमारे इतिहास की , हमारी भाषा की और हमारे साहित्य की बात करूँगा.

नारायण सिंह देवल